ओडिशा के तालचेर में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) की एक कोयला खदान में भूस्खलन से करीब नौ मजदूर घायल हो गए हैं, जबकि चार मजदूरों के खदान में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
एमसीएल के बयान के अनुसार, ‘एमसीएल की तालचेर कोलफील्ड्स में भरतपुर कोयला खदान में नाइट शिफ्ट में काम करने वाले मजदूर भूस्खलन की चपेट में आ गए।’ उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना मंगलवार की रात को 11.00-11.30 बजे के बीच तब हुई, जब भूमि का एक हिस्सा टूट कर गिर पड़ा और वहां काम कर रहे 13 मजदूर और मशीनें खदान में फंस गईं।

घटना के बाद ही अन्य मजदूरों और बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और नौ श्रमिकों को बचाया। उन्हें मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए तालचेर में कंपनी के सेंट्रल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं चार लापता श्रमिकों को खोजने के लिए बचाव अभियान जारी है।
एमसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) और निदेशक (कार्मिक) बचाव कार्य पर नजर रखने के लिए तालचेर पहुंच चुके हैं। वहीं दुर्घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए जिलाधिकारी ने क्षेत्र में सुरक्षा बल की तैनाती की है।


Download Android App
Download iOS App



