रुद्रपुर : महानगर के ट्रांजिट कैंप थाने के संजय नगर खेड़ा में पति ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी है। मृतका छह माह की गर्भवती थी। दोनों की बीच हुई हाथापाई में आरोपी पति को भी चाकू लग गया। जिससे वह घायल हो गया। आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से यूपी बिलासपुर सकतुआ गांव निवासी आकाश संजय नगर खेड़ा में अपनी 22 वर्षीय पत्नी बबली के साथ रहकर सिडकुल की एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। वर्तमान में बबली गर्भवती थी, जिसे लेकर आकाश बबली के चरित्र पर संदेह करता था।
बताया जाता है कि आकाश करीब 15 दिन पहले ही पत्नी बबली के साथ अरविंदनगर में एक किराए के घर में रहने आया था। बताते हैं कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच संबंध ठीक नहीं थे। दो दिन पहले भी दोनों का विवाद हुआ था और इस विवाद की वजह पत्नी के अवैध संबंध बताए जाते हैं। बतातें है कि आज सुबह दोनों सो कर उठे। जिसके बाद आकाश काम पर जाने के लिए तैयार होने लगा। इसी दरम्यान एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। अस्पताल में घायल पड़े आकाश की मानें तो उसके पास बबली के मौसेरे भाई का फोन आया था और उसने बताया था कि उसके बबली के साथ अवैध संबंध है।
आकाश ने सुबह यही बात छेड़ दी और पत्नी से इसका जवाब मांगा। जिस पर बात बिगड़ गई और मारपीट शुरू ही हो गई। इसी बीच बबली ने पास ही पड़ा चाकू उठा लिया और आकाश पर हमला कर दिया। चाकू आकाश के छाती और पेट के बीच बायीं तरफ लगा। जिससे वह लहूलुहान हो गया। पत्नी की इस हरकत से आकाश ने आपा खो दिया। जिसके बाद आकाश ने बबली का गला घोंट दिया और तब तक गला घोंटता रहा, जब तक बबली की सांसे नहीं थम गईं। जब उसे लगा कि बबली की मौत हो चुकी है, तब उसने घटना की जानकारी अपनी मकान मालकिन को दी। जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में लहूलुहान आकाश और बबली को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने बबली को मृत घोषित कर दिया। जबकि आकाश का आनन-फानन में इलाज शुरू कर दिया गया। एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, सीओ सिटी हिमांशु साह और ट्रांजिट कैंप एसओ विद्यादत्त जोशी मौके पर जा पहुंचे। पूछताछ में आकाश ने यही बताया कि बबली के मौसेरे भाई से अवैध संबंध थे और यह सारी बात फोन के कॉल रिकॉर्डर पर रिकार्ड है। पत्नी बबली द्वारा चाकू मारने के बाद उसने पत्नी का गला घोंटा। हालांकि पुलिस को आकाश की कहानी पर भरोसा नहीं है। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। वहीं जानकारी पाकर एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली।


Download Android App
Download iOS App



