सुरक्षाकर्मियों में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे है। महाराष्ट्र के नवी मुंबई में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण से 45 साल के एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शिवाजीनगर पुलिस थाने में तैनात पुलिसकर्मी का कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आने के बाद से एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
अब तक मुंबई पुलिस के छह कर्मचारियों की कोरोना वायरस संक्रमण से मौत हो चुकी है। इसके अलावा पुणे, शोलापुर शहर और नासिक देहात क्षेत्र में भी एक-एक पुलिसकर्मी की मौत हुई है। अधिकारी ने बताया कि महाराष्ट्र में एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना वायरस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
महाराष्ट्र पुलिस के गुरुवार तक 1001 पुलिसकर्मी और अधिकारी इससे संक्रमित हुए हैं तथा आठ जान गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र पुलिस की तरफ से आज दी गई जानकारी के अनुसार बल के कुल 1001 कर्मी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 107 अधिकारी और 894 पुलिसकर्मी हैं। राज्य में वर्तमान में बल के 851 मामले सक्रिय हैं जिसमें 89 अधिकारी और 762 सिपाही हैं।
182 ठीक हुए हैं जिसमें आठ अधिकारी और 124 सिपाही हैं। पुलिस के अनुसार आठ की मौत हो चुकी है। राज्य पुलिस ने आईपीसी की धारा 188 के उल्लंघन के एक लाख छह हजार 569 मामले दर्ज किए हैं। मुंबई को छोड़कर क्वारंटीन उल्लंघन के 669 मामले हैं। पुलिस बल पर हमले के 218 मामले और 770 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



