महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी पार्टियों को ईवीएम मशीन में खामियां तलाशने के बदले अपनी हार का आत्मविश्लेषण करना चाहिए। फडणवीस राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की यात्रा पर हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस ईवीएम को अपनी हार के लिए जिम्मेदार बता रहा है, उसी ईवीएम के सहारे उसने देश पर और विभिन्न राज्यों में चुनाव जीतकर शासन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “विपक्ष द्वारा ईवीएम में खामियां निकालना यह दिखाता है कि उन्हें मतदाताओं पर विश्वास नहीं है। ईवीएम को दोष देने से पहले विपक्ष को इस बात का आत्मविश्लेषण करना चाहिए कि क्यों उनका संपर्क लोगों से टूट गया।” फडणवीस ने पूर्वी महाराष्ट्र में ‘महा जनादेश यात्रा’ के दूसरे दिन कहा कि आत्मविश्लेषण करना ईवीएम को दोष देने से बेहतर विकल्प है।
उन्होंने कहा, “सच्चाई स्वीकार करने के बदले विपक्ष झूठ का सहारा ले रही है। ईवीएम की शुरुआत अभी नहीं की गई है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर विपक्ष आत्मविश्लेषण करे तो मतदाता उनसे थोड़ी सहानुभूति जता सकते हैं। जनता से संपर्क करने के लिए इस व्यापक यात्रा में सहयोगी शिवसेना के शामिल नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने कहा, “यह यात्रा सरकार की नहीं है। यह भाजपा की यात्रा है। शिव सेना भी एक यात्रा कर रही है। इसको लेकर संशय नहीं है।”
चुनाव में ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर कुछ पार्टियों द्वारा चुनाव में हिस्सा नहीं लेने की खबरों पर उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ यह कह सकता हूं कि बहिष्कार का कारण ईवीएम नहीं है।” वहीं, चुनाव में शिव सेना के साथ सीटों के बंटवारे के बारे में उन्होंने कहा कि इस विषय पर जल्द ही निर्णय हो जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



