तमिलनाडु में द्रमुक समेत विपक्षी दलों ने यहां सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की शनिवार को निंदा की। विपक्षी दलों ने प्रदर्शनकारियों पर कथित रूप से बल प्रयोग करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस हिंसा को लेकर विपक्ष का निशाना बनी सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने मुसलमान समुदाय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि उसके खिलाफ ‘‘दुष्प्रचार’’ काम नहीं करेगा।
शहर की पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया कि वे इस संबंध मे सोशल मीडिया पर कोई ‘‘भड़काऊ’’ संदेश साझा नहीं करे। इस बीच, राज्य के विभिन्न हिस्सों में मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा सीएए के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। तमिलनाडु के राजस्व मंत्री आर बी उदयकुमार ने कहा कि ‘‘अम्मा सरकार’’ ने मुसलमानों के कल्याण को हमेशा उच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने मदुरै में संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी और उपमुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम ‘‘अपने बच्चों और परिवार की तरह मुसलमानों की रक्षा कर रहे’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग इसे पचा नहीं पा रहे, वे झूठ बोल रहे हैं और दुष्प्रचार कर रहे हैं लेकिन इससे उन्हें लाभ नहीं होगा। लोग भी उन पर भरोसा नहीं करेंगे।’’
द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किए जा रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग क्यों किया। स्टालिन ने एक बयान में कहा, ‘‘शांतिपूर्ण (प्रदर्शन कर रहे) लोगों पर अकारण अनावश्यक लाठीचार्ज किया गया और इसके कारण राज्य भर के लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ा।’’
मुसलमानों का सीएए विरोधी प्रदर्शन शुक्रवार को हिंसक हो गया था। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच संघर्ष में चार पुलिसकर्मी घायल हो थे। इसके बाद तमिलनाडु में कई जगह प्रदर्शन हुए थे लेकिन प्रदर्शनकारियों ने शहर पुलिस आयुक्त ए के विश्वनाथन के साथ बातचीत के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर बल प्रयोग का आरोप लगाया था।
स्टालिन ने इस संबंध में दर्ज हर मामले को वापस लिए जाने और कथित रूप से लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। अन्ना मक्कल मुनेत्र कषगम के नेता टी टी वी दिनाकरण ने भी सरकार की आलोचना की।
एमडीएमके ने अपने जिला सचिवों की बैठक में प्रस्ताव पारित करके प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित बल प्रयोग करने को लेकर पुलिस की निंदा की। तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक सहयोगी भाजपा के नेता एच राजा ने प्रदर्शन में पुलिस कर्मियों के खिलाफ हिंसा की निंदा की और ट्वीट किया, ‘‘दंगा करने वालों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



