भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को राज्य के लोगों की सुविधा के लिए खुर्दा-बोलांगीर नई रेलवे लाइन पर और ट्रेनें तत्काल चलाने की मांग की। पटनायक ने केंद्र से जून 2017 में हुई बात का जिक्र करते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल को भेजे पत्र में कहा कि उन्होंने इस महत्वाकांक्षी रेलवे लाइन पर और रेलगाड़ियां चलाने की आवश्यकता के बारे में बताया था।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रेलवे के साथ भागीदारी करके निर्माण लागत का 50 प्रतिशत निवेश कर रही है और परियोजना के दासपल्ला से बोलांगीर तक के क्षेत्र में नि:शुल्क भूमि मुहैया करा रही है। पटनायक ने कहा कि बोलांगीर से भैंसापल्ली तक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और रेल सुरक्षा आयुक्त की आवश्यक जांच भी अक्टूबर 2018 में पूरी हो चुकी है। रेलवे ने इस सेक्शन के लिए कोई यात्री ट्रेन आरंभ नहीं है।
पटनायक ने कहा, ‘‘मैं आपसे बिना कोई देरी किए इस सेक्शन में यात्री ट्रेन चलाने का अनुरोध करता हूं।’’ उन्होंने कहा कि इसी प्रकार हावड़ा एवं विशाखापत्तनम तक संपर्क के लिए नयागढ़ से मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियों पर तत्काल विचार किए जाने की आवश्यकता है।


Download Android App
Download iOS App



