भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ विपक्षी पार्टियों के साथ आने के कयास लग रहे हैं, दरसल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने मंगलवार को यानी आज कहा कि वह बुधवार को दिल्ली में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात कर सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख बनर्जी 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा विरोधी दलों का गठबंधन बनाने की संभावनाओं को तलाशने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में विपक्षी नेताओं के साथ बातचीत करेंगी।
तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनने के बाद बनर्जी सोमवार को पहली बार दिल्ली पहुंचीं और उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद से मुलाकात करने की उम्मीद है। उनका कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी और विपक्षी दलों के कई अन्य नेताओं से मिलने का भी कार्यक्रम है। टीएमसी सुप्रीमो जाहिर तौर पर 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय राजनीति में एक बड़ी भूमिका निभाने की कोशिश में है।
पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में पवार ने यहां कहा, “उन्होंने पिछले हफ्ते मुझे फोन किया था और मुझे अपनी दिल्ली यात्रा के बारे में बताया था और मिलने की इच्छा जताई थी। मुझे लगता है कि हम कल दिल्ली में मिल सकते हैं।” पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पैगासस जासूसी विवाद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “इस बारे में कुछ भी कहने का यह समय और स्थान नहीं है। हम इस मुद्दे को सही जगह- संसद में उठाएंगे। हम इसे वहां उठाने की कोशिश करेंगे।”


Download Android App
Download iOS App



