महाराष्ट्र की महाविकास आघाड़ी सरकार (एमवीए) में मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक की धन शोधन के एक मामले में गिरफ्तारी के बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने बैठक की। शरद पवार के घर हुई बैठक में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार, मंत्री छगन भुजबल, हसन मुशरिफ और राजेश टोपे मौजूद थे।
सूत्र ने बताया, ‘‘यह बैठक, मलिक की गिरफ्तारी के बाद उत्पन्न स्थिति पर चर्चा करने और पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई थी।’’ उन्होंने कहा कि बैठक में मलिक के इस्तीफे को लेकर चर्चा हुई। सूत्र ने बताया कि मलिक के इस्तीफा देने की स्थिति में उनका विभाग पार्टी के उनके सहकर्मियों को दिया जाएगा।
इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं है, दुर्भावना से कार्रवाई की गई है
इस अहम बैठक में मौजूद रहे एनसीपी नेता छगन भुजबल ने कहा कि नवाब मलिक के इस्तीफे का कोई सवाल ही नहीं है। दुर्भावना से कार्रवाई की गई है। कल सुबह 10 बजे महात्मा गांधी के पुतले के पास महा विकास अघाड़ी के नेता आंदोलन करेंगे।
संजय राउत ने ट्वीट कर कहा
महाविकास आघाडी से आमने-सामने नहीं लड़ सकते, इसलिए पीछे से अफजलखानी युद्ध चल रहा है, चलने दो। अ किसी मंत्री को कपट से अंदर कर आनंदित हो रहे हैं, तो होने दो। नवाबसे इस्तीफा न ले. लड़ते रहें और जीतें.कंस और रावण भी मारे गए. यही हिंदुत्व है.जंग अभी सुरू हुई हैं.जय महाराष्ट्र— Sanjay Raut (@rautsanjay61) February 23, 2022
इस बीच शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा कि नवाब मलिक को इस्तीफा नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा, ”महाविकास आघाडी से आमने-सामने नहीं लड़ सकते, इसलिए पीछे से अफजलखानी युद्ध चल रहा है, चलने दो। किसी मंत्री को कपट से अंदर कर आनंदित हो रहे हैं, तो होने दो। नवाब से इस्तीफा न लें। लड़ते रहें और जीतें। कंस और रावण भी मारे गए. यही हिंदुत्व है। जंग अभी शुरू हुई हैं। जय महाराष्ट्र।”
ED ने मलिक पर लगाए ‘अंडरवर्ल्ड’ से संबंध होने के साथ कई गंभीर आरोप, BJP ने की इस्तीफे की मांग
बड़े नेताओं ने की शरद पवार से मुलाकात
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एमवीए सरकार में मंत्री बालासाहेब थोराट और अशोक चव्हाण ने भी शरद पवार से मुलाकात की। कांग्रेस नेता सुनिल केदार भी बैठक में शामिल हुए। एमवीए में एनसीपी, शिवसेना और कांग्रेस शामिल हैं।
मलिक को इस वजह से किया गया गिरफ्तार
महाविकास आघाडी सरकार में एनसीपी के वरिष्ठ नेता मलिक के पास अल्पसंख्यक कार्य विभाग के अलावा कौशल विकास विभाग भी है। ईडी ने भगोड़ा गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम और उसके सहयोगियों से जुड़ी गतिविधियों से संबंधित धन शोधन जांच के मामले में नवाब मलिक को गिरफ्तार किया है।
ना डरेंगे, ना झुकेंगे- नवाब मलिक
गिरफ्तारी के बाद नवाब मलिक ने कहा कि वह ना डरेंगे, ना झुकेंगे। मलिक से बुधवार की सुबह पूछताछ शुरू की थी। इसके बाद एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि चूंकि मलिक ‘साफ बोलते’ है ऐसे में पार्टी को उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने का अंदेशा था।
शरद पवार ने कहा, “तब से 25 साल बीत गए। इसी तरह से लोगों को बदनाम करने, सत्ता का दुरुपयोग करने और उन्हें परेशान करने के लिए (अंडरवर्ल्ड का) नाम लिया जाता है, जो लोग केंद्र के विरुद्ध और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के बारे में बोलते हैं, उन्हें परेशान किया जाता है और ऐसा ही यहां हो रहा है।”


Download Android App
Download iOS App



