राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (एनसीएसटी) का पांच सदस्यीय दल पायल तड़वी आत्महत्या कांड के संबंध में शीर्ष सरकारी अधिकारियों और बीवाईएल नायर अस्पताल के प्रबंधन से जुड़े लोगों से मिलने के लिए मुम्बई पहुंचा है। एक अधिकारी ने बताया कि आयोग के अध्यक्ष नंद कुमार साय की अगुवाई वाली यह टीम महाराष्ट्र के मुख्य सचिव, सचिव (स्वास्थ्य) और मुम्बई के पुलिस आयुक्त समेत प्रशासन एवं पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के साथ आठ जून को बैठक करेगी।
आयोग इस मामले के सिलसिले में नेशनल मेडिकल कॉलेज के प्रबंध निदेशक टी एन टोपीवाला और बीवाईएल नायर अस्पताल के प्रबंधन से जुड़े लोगों से भी मिलेगा। एनसीएसटी के अधिकारी के अनुसार यह दल पहले ही मुम्बई पहुंच गया है और अध्यक्ष गुरुवार को पहुंचेंगे।
आयोग ने इससे पहले महाराष्ट्र के मुख्य सचिव, स्वास्थ्य सचिव, मुम्बई के पुलिस आयुक्त और बीवाईएल नायर अस्पताल के अधिकारियों को नोटिस जारी किया था और उनसे दस दिनों में जवाब मांगा था। टीएन टोपीवाला नेशनल मेडिकल के स्त्रीरोग विभाग की द्वितीय वर्ष की छात्रा 26 वर्षीय तड़वी ने 22 मई को अपने छात्रावास में खुदकुशी कर ली थी।
उसके परिवार ने आरोप लगाया कि तड़वी के तीन वरिष्ठ साथियों ने उस पर ताना मारा और जातिसूचक अपमानजनक टिप्पणी की क्योंकि वह अनुसूचित जनजाति से थी। आरोपियों पर अनुसूचित जाति/जनजाति (उत्पीड़न रोकथाम) अधिनियम, रैगिंग निरोधक कानून, सूचना प्रौद्योगिकी कानून और भादंसं की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। तड़वी को पिछले साल आरक्षित श्रेणी के तहत इस सरकारी कॉलेज एवं अस्पताल में दाखिला मिला था।


Download Android App
Download iOS App



