PM मोदी की विपक्ष को चुनौती, बोले- अपने मेनिफेस्टो में अनुच्छेद 370 के रद्द प्रावधानों को बहाल करने की करें घोषणा

Summary :

विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते कुछ महीनों में कांग्रेस-एनसीपी के नेताओं के बयान देख लीजिए।

विधानसभा चुनाव के चलते बड़े-बड़े राजनीतिक दिग्गज प्रचार अभियान में उतरे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आज महाराष्ट्र में रैलियां है। प्रधानमंत्री मोदी दो रैलियों को संबोधित करने वाले है। जलगांव में पहली रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। 
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते कुछ महीनों में कांग्रेस-एनसीपी के नेताओं के बयान देख लीजिए। जम्मू-कश्मीर को लेकर जो पूरा देश सोचता है, उससे एकदम उल्टा इनकी सोच दिखती है। इनका तालमेल पड़ोसी देश के साथ मिलता जुलता है। 

यूपी विधानसभा चुनाव के लिए अपने मूल वोट बैंक को सहेजने में जुट गई है समाजवादी पार्टी

उन्होंने कहा, महाराष्ट्र सहित पूरे भारत की भावनाओं के अनुसार, जम्मू कश्मीर और लद्दाख, हमारे लिए सिर्फ जम़ीन का टुकड़ा भर नहीं है, बल्कि  भारत का ताज है, मां भारती का शीष है। वहां का समूचा जीवन, वहां का कण-कण, भारत की सोच को, भारत की शक्ति को मजबूत करता है। 
उन्होंने धारा 370 हटाने के फैसले को लेकर कहा, ‘5 अगस्त को आपकी भावना के अनुरूप बीजेपी-एनडीए सरकार ने एक अभूतपूर्व फैसला किया। ऐसा फैसला जिसके बारे में सोचना भी असंभव लगता था। जम्मू-कश्मीर में रहने वाले वाल्मीकि भाइयों को उनके अधिकारों से वंचित कर दिया गया था, लेकिन अब ऐसा नहीं है।’ पीएम ने यह भी कहा कि कश्मीर में सिर्फ आतंक और अलगाववाद का विस्तार हो रहा था। 
उन्होंने कहा, मैं विपक्ष को चुनौती देता हूं कि वो अपने घोषणा-पत्र में अनुच्छेद 370 के रद्द प्रावधानों को बहाल करने की घोषणा करें। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र सरकार की तारीफ करते हुए कहा, बीते 5 साल में यहां देवेंद्र फड़नवीस जी और उनकी टीम ने महाराष्ट्र को विकास और विश्वास के नए रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया है। महाराष्ट्र का युवा हो, महाराष्ट्र की बहन-बेटियां हों, सभी के लिए एक विश्वस्त साथी के रूप में सरकार ने काम किया है। 
5-सड़क से लेकर सिंचाई तक, पढ़ाई से लेकर दवाई तक, हर क्षेत्र में महाराष्ट्र देश के अग्रणी राज्यों में रहा है। किसान हो या कारोबारी, हर किसी को नया आत्मविश्वास देने में सरकार सफल रही है। बीते 5 वर्ष के हमारे काम से यहां विपक्ष भी हैरान और परेशान है। हमारे विरोधी भी आज ये मान रहे हैं कि महायुती का नेतृत्व कर्मशील भी है और ऊर्जावान भी है।

Desk Team