पुणे : पुछल्ले बल्लेबाजों केशव महाराज और वेर्नोन फिलैंडर ने जबर्दस्त जुझारूपन का प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को भारत को 326 रन की विशाल बढ़त लेने से नहीं रोक सके। दक्षिण अफ्रीका की टीम 105.4 ओवर में 275 रन पर आउट हो गई जबकि भारत ने पहली पारी में पांच विकेट पर 601 रन (घोषित) बनाये थे। फिलैंडर और चोटिल महाराज ने नौवें विकेट के लिये 119 रन की साझेदारी की। फिलैंडर 44 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि महाराज ने 72 रन बनाये। दोनों ने संभलकर खेलते हुए ढीली गेंदों पर ही रन लिये।
दोनों जिस समय क्रीज पर आये, दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 152 रन था। दोनों 43.1 ओवर तक क्रीज पर डटे रहे। भारत के लिये रविचंद्रन अश्विन ने 69 रन देकर चार विकेट लिये जबकि रविंद्र जडेजा को एक विकेट मिला। महाराज ने अपनी पारी में 12 चौके लगाये लेकिन वह कंधे पर लगी चोट के कारण कराहते दिखे। आखिर में अश्विन की गेंद पर वह लेग स्लिप में रोहित शर्मा को कैच देकर लौटे। सुबह के सत्र में मोहम्मद शमी का शानदार स्पैल और रिधिमान साहा का दर्शनीय कैच आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद स्पिनरों ने कमान संभाली।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसी (64) और क्विंटोन डिकाक (31) पारी को संवारने की कोशिश में लगे थे । दोनों के बीच 75 रन की साझेदारी को रविचंद्रन अश्विन ने तोड़ा जब डिकाक उनकी गेंद पर आउट हुए। शमी ने सुबह के सत्र में 10 ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिये जबकि उमेश यादव अब तक आठ ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट ले चुके हैं। बल्लेबाजों की मददगार लग रही पिच पर दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी जूझते नजर आये।
एनरिच नोर्जे शुरू ही से असहज लग रहे थे। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने उनके लिये आक्रामक फील्ड लगाते हुए स्लिप में चार और गली में एक फील्डर लगाया। शमी की गेंद पर नोर्जे चौथी स्लिप में कोहली को कैच देकर लौटे।


Download Android App
Download iOS App



