प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को गुजरात के एकता नगर में 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास एक भूलभुलैया उद्यान सहित तीन आकर्षणों को लोगों को समर्पित किया।
एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने ‘मियावाकी’ वन और एक हाउसबोट का भी उद्घाटन किया।
विज्ञप्ति के अनुसार, अपने तीन दिवसीय गुजरात दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ इन नए आकर्षणों का उद्घाटन करने के लिए नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचे, जिसे पहले केवड़िया के नाम से जाना जाता था।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘2,100 मीटर के मार्ग के साथ तीन एकड़ में फैला यह नया जुड़ा भूलभुलैया उद्यान देश का सबसे बड़ा भूलभुलैया उद्यान है और इसे केवल आठ महीने की छोटी अवधि में विकसित किया गया है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘इसे एक ‘यंत्र’ के आकार में बनाया गया है जो सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। इस उद्यान की उलझन भरी सड़कों पर घूमना पर्यटकों के मन, शरीर और इंद्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण होगा।’’
इस भूलभुलैया उद्यान के पास ‘मियावाकी’ वन के रूप में 1,80,000 पौधे लगाए गए हैं, जिसे मूल रूप से ‘डंपिंग साइट’ (कचरा स्थल) के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले स्थान पर बनाया गया है।
इस तरह के वन का नाम जापानी वनस्पतिशास्त्री और पारिस्थितिक विज्ञानी डॉ अकीरा मियावाकी के नाम पर किया जाता है जिन्होंने इस तरह के वन को विकसित करने की तकनीक इजाद की। इसमें पौधे एक-दूसरे के करीब लगाए जाते हैं जो घने शहरी जंगल में विकसित होते हैं। इस विधि से पौधों की वृद्धि दस गुना तेज होती है और इसके परिणामस्वरूप विकसित वन तीस गुना अधिक सघन होता है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास गुजरात की पहली हाउसबोट सेवा ‘ओयो एकता हाउसबोट’ का भी उद्घाटन किया।
एक बयान में ओयो कंपनी ने कहा कि हाउसबोट शिल्प कौशल का एक समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से विविध संगम प्रदान करता है। कंपनी ने कहा कि पोत 90 फीट लंबा और 20 फीट चौड़ा है जिसमें दो शानदार बेडरूम, एक डाइनिंग रूम, एक ड्राइंग रूम, एक किचन, एक फ्रंट डेक तथा एक अपर ऑब्जर्वेशन डेक है।


Download Android App
Download iOS App



