प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के शिवमोगा जिले में विस्फोट से हुए जानमाल के नुकसान पर शुक्रवार को दुख जताया और कहा कि राज्य सरकार प्रभावितों को हरसंभव मदद पहुंचा रही है। शिवमोगा जिले में ट्रक में भरकर ले जाए जा रहे विस्फोटक में गुरुवार रात धमाका हो गया था जिससे कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि पास के चिक्कमगलुरु और दावणगेरे जिलों में भी झटके महसूस किए गए।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से किए गए एक ट्वीट में पीएम मोदी ने कहा,‘‘शिवमोगा में जानमाल को हुए नुकसान से मैं दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार प्रभावितों तक हरसंभव मदद पहुंचा रही है।’’ माना जा रहा है कि विस्फोटक खनन के उद्देश्य से ले जाए जा रहे थे। विस्फोट से ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

बता दें कि जोरदार आवाज और डायनामाइट विस्फोट की खबरों को लेकर कर्नाटक सरकार की तरफ से या फिर किसी और एजेंसी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। धमाके की आवाज सुनते ही लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल गए। हर कोई एक ही सवाल पूछ रहा था कि ये भूकंप था या कुछ और? यह आवाज किस चीज की थी और मामला क्या है, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। स्थानीय पुलिस विभाग को सूचित किया गया था, मामले की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



