गुजरात पहुंचे PM नरेंद्र मोदी, BJP की जीत के बाद अहमदाबाद में किया मेगा रोड शो

Summary :

उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए अपने गृह राज्य पहुंचे है।

उत्तर प्रदेश, मणिपुर, उत्तराखंड और गोवा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे के लिए अपने गृह राज्य पहुंचे है। गुजरात पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से अपना रोड शो शुरू किया। 
फूलों की मालाओं से सजी खुली जीप में सवार प्रधानमंत्री मोदी ने रोड शो के दौरान सड़क किनारे जमा हुए सैकड़ों समर्थकों और प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। यह काफिला एयरपोर्ट से शुरू हुआ और गांधीनगर में बीजेपी के राज्य मुख्यालय ‘कमलम’ तक गया।


PM मोदी का दो दिवसीय गुजरात दौरा

प्रधानमंत्री आज दिन में पंचायत निकायों के एक लाख से अधिक निर्वाचित प्रतिनिधियों की एक रैली को भी संबोधित करने वाले हैं। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी रोड शो के समापन के बाद प्रदेश के शीर्ष नेताओं के साथ बैठक भी करेंगे। दोपहर का भोजन वहीं करने के बाद वह राजभवन जाएंगे और बाद में शाम को अहमदाबाद के जीएमडीसी मैदान में पंचायत महासम्मेलन में शिरकत करेंगे। इसमें स्थानीय स्वराज की संस्थाओं के हज़ारों प्रतिनिधि भाग लेंगे।
4 राज्यों में मिली जीत से BJP का गुजरात की सत्ता में आने का रास्ता तय
ज्ञातव्य है कि इसी साल के अंत में गुजरात में भी विधानसभा के चुनाव होने हैं जहां बीजेपी ढाई दशक से भी अधिक समय से लगातार सत्तारूढ़ है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि हालिया चुनावी जीत से राज्य में पार्टी के फिर से सत्ता में आना लगभग तय हो गया है। इस रोड शो के जरिए पीएम मोदी पार्टी में और उत्साह का संचार करेंगे।

Desk Team