PMC बैंक के नाराज उपभोक्ताओं से मिलीं सीतारमण, हितों की रक्षा के लिए विधायी बदलाव का किया वादा

Summary :

सीतारमण ने कहा कि वित्तीय सेवा विभाग तथा आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव जल्दी ही रिजर्व बैंक के एक डिप्टी गवर्नर से मुलाकात करेंगे और बहुराज्यीय सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में खामियों पर चर्चा करेंगे।

पंजाब एंड महाराष्ट्र कोऑपरेटिव (PMC) बैंक को लेकर मचे बवाल के बीच वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण आज मुंबई में बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान वित्तमंत्री ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, वित्त मंत्रालय को सीधे पीएमसी बैंक मामले से कोई लेना-देना नहीं है। हालांकि इस पूरे मामले को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) देख रहा है। 
बैंक पर लगाई गई पाबंदियों से नाराज खाताधारकों ने आज मुंबई के बीजेपी दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के बीच खाताधारकों ने निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि वित्तीय सेवा विभाग तथा आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव जल्दी ही रिजर्व बैंक के एक डिप्टी गवर्नर से मुलाकात करेंगे और बहुराज्यीय सहकारी बैंकों की कार्यप्रणाली में खामियों पर चर्चा करेंगे। वे देखेंगे कि क्या कानूनों में बदलाव की जरूरत है। 
सीतारमण ने कहा, ‘‘वे इस तरह की घटनाओं के दोहराव को रोकने तथा नियामक को मजबूती देने के लिये आवश्यक विधायी कदमों पर चर्चा करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इसे लेकर संसद के शीतकालीन सत्र में विधेयक लाएगी। 
उन्होंने कहा कि वह पीएमसी के उपभोक्ताओं के हितों के बारे में रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास से बातचीत करेंगी तथा उन्हें उपभोक्ताओं की दिक्कतों से अवगत कराएंगी। सीतारमण ने पीएमसी के नाराज उपभोक्ताओं से कहा कि रिजर्व बैंक मामले को देख रहा है। 

Desk Team