PMC बैंक मामला : ईडी ने मुंबई के पास बंगला जब्त किया

Summary :

प्रवर्तन निदेशालय मनी लांड्रिंग रोधक कानून (पीएमएलए) के तहत कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है। इस बारे में ईडी ने हाल में आपराधिक मामला दर्ज किया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बृहस्पतिवार को मुंबई के पास एचडीआईएल प्रवर्तक के पांच एकड़ के बंगले को सील कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब एंड महाराष्ट्र कोआपरेटिव बैंक (पीएमसी) बैंक के धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में यह कदम उठाया गया है।
 
यह संपत्ति महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई उपनगर में स्थित है। यह बंगला हाउसिंग डेवलपमेंट इन्फ्रास्ट्रक्चर लि. (एचडीआईएल) के प्रवर्तक का है। प्रवर्तन निदेशालय मनी लांड्रिंग रोधक कानून (पीएमएलए) के तहत कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है। इस बारे में ईडी ने हाल में आपराधिक मामला दर्ज किया था।
प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले में 60 करोड़ रुपये के आभूषण, एक बिजनेस जेट, 15 कारों, 1.5 और 10 करोड़ रुपये की दो मियादी जमाओं (एफडी) को भी जब्त कर लिया है। ईडी का यह मामला मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दायर प्राथमिकी पर आधारित है।

Desk Team