‘द कश्मीर फाइल्स’ पर सियासत तेज, भूपेश बघेल ने कहा- फिल्म में सब आधा-अधूरा, CM शिवराज ने भी दी प्रतिक्रिया

Summary :

बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ सियासत का मुद्दा बनी हुई है। आमजन के साथ-साथ नेताओं की भी फिल्म पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ सियासत का मुद्दा बनी हुई है। आमजन के साथ-साथ नेताओं की भी फिल्म पर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। वहीं कई राज्यों में कश्मीरी पंडितों पर हुए अत्याचार पर बनी इस फिल्म को टैक्स फ्री कर दिया गया है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को यह फिल्म देखी और प्रतिक्रिया भी दी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार रात पत्नी साधना सिंह, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और मोहन यादव के साथ फिल्म देखने पहुंचे। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसे एक शानदार फिल्म बताते हुए निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की तारीफ की। सीएम शिवराज ने कहा कि फिल्म देखने के बाद उनका मन दर्द और तकलीफ से भर गया। 


फिल्म देखने के बाद सीएम शिवराज ने ट्वीट कर कहा कि इस फिल्म में एक दृश्य है, जिसमें बताया गया है कि सच जब तक सामने आता है, तब तक झूठ दुनिया  का चक्कर लगा लेता है। कश्मीर के सच को छुपाने, भ्रमित करने की जो कोशिश की गई है। नैरेटिव बनाकर गंदी राजनीति की तस्वीर दिखाई गई है। कश्मीरी पंडित भाई-बहनों के साथ जो अत्याचार और अन्याय हुआ है, उसकी मिसाल और कहीं नहीं मिलती है।

वहीं, फिल्म देखने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अभी ‘कश्मीर फाइल्स’ देखकर लौटा हूं। फिल्म में दिखाया गया है कि बीजेपी के सहयोग से चल रही सरकार ने कश्मीरी पंडितों को रोकने का प्रयास नहीं किया था, बल्कि उन्हें जाने को कहा। वहां सेना नहीं भेजी गयी। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने जब लोकसभा का घेराव किया, तब सेना भेजी गयी।


सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इस ‘कश्मीर फाइल्स’ फिल्म में कोई संदेश नहीं है, सब आधा अधूरा है। केवल हिंसा दिखाने की कोशिश है। बीजेपी वालों के सामने खड़े हो जाओ, तो भाग जाते हैं। बीजेपी का कोई व्यक्ति फिल्म देखने नहीं आया।

बीजेपी के मध्य प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से कहा कि फिल्म में जम्मू कश्मीर के तीन दशक के पहले के हालातों को अत्यंत संवेदनशील तरीके से दर्शाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी नीतियों के कारण ही जम्मू-कश्मीर में फिर से शांति बहाली का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

Desk Team