महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए ‘दिशा एक्ट’ लागू करने की तैयारी : अनिल देशमुख

Summary :

महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध को रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार कड़े कदम उठाने जा रही है। राज्य सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है।

महाराष्ट्र सरकार के गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) ने शनिवार को (यानी आज) कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की शीघ्र सुनवाई के लिए आंध्र प्रदेश के ‘दिशा अधिनियम’ की तर्ज पर एक विधेयक को पारित करने के वास्ते राज्य विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया जायेगा। उन्होंने राज्य विधान परिषद में यह घोषणा की। 
उन्होंने कहा, ‘‘कोरोना वायरस संकट के कारण, हमें विधानसभा के बजट सत्र में कटौती करनी होगी। विधेयक को मंजूरी देने के लिए हम कोरोना वायरस का संकट समाप्त होने के बाद दो दिन का सत्र बुलाने पर विचार कर रहे हैं।’’ 
देशमुख ने कहा, ‘‘हम अधिनियम का अध्ययन करने के लिए आंध्र प्रदेश गए थे और इस पर गौर करने के लिए एक टीम बनाई गई है। हम जल्द ही विशेष सत्र के बारे में कार्यक्रम की घोषणा करेंगे।’’ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को कहा था कि सरकार आंध्र प्रदेश के ‘दिशा अधिनियम’ की तर्ज पर एक कानून पेश करने के लिए अध्यादेश जारी कर सकती है। 

Desk Team