आदिवासी नायक और स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज देश में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाया जा रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज झारखंड की राजधानी पहुंचीं और सीधे बिरसा मुंडा के जन्मस्थान गईं और जनजातीय नेता की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
रांची के बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर सुबह करीब नौ बजे उतरने पर झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। यहां से वह भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से बिरसा मुंडा के गांव उलिहातु गईं। वहां केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद थे।
भगवान बिरसा मुंडा के गांव उलिहातू में जाकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने का आज मुझे सौभाग्य मिला।
भगवान बिरसा की जयंती के दिन, उनकी प्रतिमा का दर्शन करके, मैं स्वयं को धन्य महसूस कर रही हूं।
उनके जन्म और कर्म से जुड़े स्थानों पर जाना मेरे लिए तीर्थ-यात्रा के समान है। pic.twitter.com/eSyGGnqDMh
— President of India (@rashtrapatibhvn) November 15, 2022
राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार राज्य में पहुंचीं झारखंड की पूर्व राज्यपाल रहीं मुर्मू का राज्य की राजधानी रांची से लगभग 70 किलोमीटर दूर उलिहातु में ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। उलिहातु में उन्होंने मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
हालांकि सुरक्षा कारणों से आम लोगों को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर जाने की अनुमति नहीं थी, लेकिन पारंपरिक परिधानों में सजे बिरसा मुंडा के प्रशंसक राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी संख्या में खड़े थे।


Download Android App
Download iOS App



