कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के दौरान टेंट का एक हिस्सा गिर गया था। जिसकी वजह से बहुत लोग घायल हो गए थे। इस हादसे में कई लोग घायल हुए थे। इसी बीच PM मोदी रैली के बाद घायलों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। घायलों में उनकी मुलाकात रीता मुडी (19) से हुई। बांकुड़ा की रहने वाली रीता उस दिन अपनी मां और बहन के साथ रैली में गई थीं।
अस्पताल में घायलों का हाल जानने के क्रम में जब पीएम मोदी, रीता के पास पहुंचे तो पहले तो उसे सहसा यकीन नहीं हुआ। उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस संबंध में अपनी खुशी का इजहार किया। इसके साथ ही पीएम मोदी से ऑटोग्राफ मांगा. द टाइम्स ऑफ इंडिया की इस रिपोर्ट के मुताबिक रीता ने बताया कि पहले तो प्रधानमंत्री थोड़ा झिझके लेकिन फिर आग्रह करने पर ऑटोग्राफ देते हुए कागज पर लिखा, ”रीता मुडी, तुम सुखी रहो।
अब रीता का कहना है कि इस घटना के बाद वह अचानक ‘सेलेब्रिटी’ जैसी हो गई है। उसके मुताबिक अगले दिन से ही उसके घर आने वालों का तांता लगा हुआ है। वे सभी उस ऑटोग्राफ को देखना चाहते हैं। इस बीच रीता की मां ने कहा कि इसके साथ-साथ उसके बाद से शादी के दो ऑफर भी आ चुके हैं। इनमें से एक प्रस्ताव बांकुड़ा और दूसरा झारखंड से आया। साथ ही यह भी जोड़ा कि ऑटोग्राफ वाली घटना से पहले भी रीता की शादी की एक जगह चर्चा चली थी लेकिन लड़केवाले एक लाख रुपये मांग रहे थे। बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली बांकुड़ा क्रिश्चियन कॉलेज की द्वितीय वर्ष की छात्रा रीता का कहना है कि फिलहाल उसका ध्यान पढ़ाई की ओर है।


Download Android App
Download iOS App



