शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार को कोविड-19 टीकाकरण अभियान में निजी अस्पतालों को भी शामिल करने पर विचार करना चाहिए ताकि अधिक से अधिक लोगों को जल्दी टीके लगाए जा सकें। राज्यसभा सदस्य ने स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन को लिखे पत्र में यह भी कहा कि टीके की आपूर्ति और बिक्री को नियंत्रण-मुक्त किया जा सकता है।
उन्होंने दावा कि स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कोविड टीकों की आपूर्ति का ‘पूरा उपयोग नहीं हो रहा है’ और केवल 31.45 प्रतिशत कोविशिल्ड तथा 11.75 प्रतिशत कोवैक्सीन टीके ही अग्रिम पंक्ति के योद्धाओं को लगाए गए हैं।
चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘मैं आपसे आग्रह करूंगी कि टीकाकरण अभियान में निजी अस्पतालों को भी शामिल करने पर विचार करें, इसके साथ ही मोबाइल टीकाकरण केंद्र खोलने और को-विन ऐप में आ रही समस्याओं को दूर करने के बारे में भी विचार करें।’’ इस ऐप का इस्तेमाल टीकाकरण अभियान के प्रबंधन के लिए किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



