पुडुचेरी : पुडुचेरी में सत्तारूढ़ कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियों ने केंद्र शासित प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए केंद्र सरकार पर दबाव बढ़ाने के मकसद से अगले महीने दिल्ली में संसद के बाहर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने बताया कि यह फैसला बुधवार रात यहां उनके द्वारा बुलाई गई बैठक में लिया गया जिसमें विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने भाग लिया। इस बैठक में केंद्र शासित प्रदेश को केंद्र द्वारा दी जाने वाली सहायताओं में ‘कटौती’ और उपराज्यपाल किरण बेदी के काम करने के तरीके को लेकर चिंता जाहिर की गई।
बैठक के बारे में बुधवार देर रात संवाददाताओं से उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्य के दर्जे की मांग पूर्व में कई बार केंद्र शासित प्रदेश की विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों जगह की गई है। इस बैठक का एआईएनआरसी और अन्नाद्रमुक ने बहिष्कार किया। उन्होंने कहा, “पूर्ण राज्य का दर्जा देने के लिए केंद्र से अपील करते हुए पूर्व में विधानसभा ने 13 प्रस्ताव पारित किए। लेकिन केंद्र ने हमारे प्रस्तावों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप्पी साधे रखी।”
नारायणसामी ने कहा कि वह और मंत्रिमंडल के उनके सहयोगी, विधायक और कांग्रेस, द्रमुक तथा वामपंथी दलों समेत अन्य सहयोगी दलों के नेता जनवरी के पहले हफ्ते में प्रदर्शन में हिस्सा लेंगे। तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। संसद का मौजूदा शीतकालीन सत्र आठ जनवरी को खत्म होगा।


Download Android App
Download iOS App



