विशाखापट्टनम : राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से की गैस रिसाव से प्रभावित हुए लोगों की मदद करने की अपील

Summary :

राहुल ने कहा कि मैं विजाग (आंध्र प्रदेश) में गैस लीक के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। मैं इलाके के कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें।

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में गैस रिसाव की घटना पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पार्टी के स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें।

राहुल ने ट्वीट कर कहा कि “मैं विजाग (आंध्र प्रदेश) में गैस लीक के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। मैं इलाके के कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं कि वे प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करें। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं अस्पताल में भर्ती लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

बता दें कि आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में गुरुवार सुबह एक पॉलिमर संयंत्र से गैस रिसाव के बाद एक बच्चे समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 100 ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी स्थानीय प्रशासन मामलों के मंत्री ने दी है। अधिकारियों के मुताबिक, गैस रिसाव ने संयंत्र के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों को प्रभावित किया है।

विशाखापट्टनम में गैस रिसाव घटना पर PM मोदी ने जताया दुख, राष्ट्रपति ने लोगों की सुरक्षा के लिए मांगी दुआ

मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी घटना पर करीब से निगाह रख रहे हैं। रेड्डी ने जिंदगियां बचाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हरसंभव कदम उठाने के लिए जिले के अधिकारियों से कहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विशाखात्तनम में किंग जॉर्ज अस्पताल जाएंगे जहां बीमारों का इलाज चल रहा है।
स्थानीय प्रशासन और शहरी विकास मंत्री बी सत्यनारायण ने बताया कि एक आठ साल के बच्चे समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है और 100 से ज्यादा लोगों को अलग अलग सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दक्षिण कोरिया की कंपनी एलजी पॉलिमर्स पॉलीस्टीरीन और कई कामों में आने वाला प्लास्टिक बनाती है जिसका इस्तेमाल अलग अलग तरह के उत्पाद बनाने में होता है जैसे खिलौने। यह 1961 से संचालित है।

Desk Team