असम-मिजोरम हिंसा में लोगों के मारे जाने पर राहुल ने दुख जताया, कहा- अमित शाह ने देश को फिर निराश किया

Summary :

खूनी संघर्ष को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भड़की हिंसा में कई लोगों के मारे जाने पर दुख जताया।

असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक खूनी संघर्ष में तब्दील हो जाने से राज्य की “संवैधानिक सीमा” की सुरक्षा कर रहे असम पुलिस के कम से कम पांच जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। इस खूनी संघर्ष को लेकर मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने  भड़की हिंसा में कई लोगों के मारे जाने पर दुख जताया।  
साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ने ‘‘ लोगों के जीवन में घृणा और अविश्वास का बीज बोकर ’’ एक बार फिर देश को निराश किया है। उन्होंने हिंसा से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘ जो लोग मारे गए हैं, उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’


कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘ गृह मंत्री ने लोगों के जीवन में घृणा और अविश्वास का बीज बोकर एक बार फिर देश को निराश किया है। भारत अब भयावह नतीजों से दोचार हो रहा है।’’

गौरतलब है कि असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक बढ़ने के दौरान हुई हिंसक झड़प में असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए। दोनों पक्षों ने हिंसा के लिए एक-दूसरे की पुलिस को जिम्मेदार ठहराया और केंद्र के दखल की मांग की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की और उनसे विवादित सीमा पर शांति बहाल करने कहा है।

Desk Team