तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर भाजपा नेताओं राजनाथ सिंह और योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को द्रमुक नेता ए. राजा पर निशाना साधा। वहीं द्रमुक सांसद ने कहा कि उन पर ऐसी टिप्पणी करने का ‘गलत आरोप’ लग रहा है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजा पर परोक्ष रूप से निशाना साधा था। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री को कांग्रेस और द्रमुक का ‘आउटडेटेड 2जी मिसाइल’ बताया था तथा कथित तौर पर पलानीस्वामी की मां का अपमान करने और तमिलनाडु की महिलाओं के खिलाफ बोलने के लिए राजा पर निशाना साधा था।
राजनाथ सिंह और आदित्यनाथ ने पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में कोयंबटूर, उधगमंडलम और थल्ली में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। राजनाथ ने इस बात पर जोर दिया कि राजा का बयान देश की सभी ‘‘माताओं और बहनों’’ का अपमान है।
इस मुद्दे पर चुनाव आयोग से जारी नोटिस पर अपने अंतरिम स्पष्टीकरण में राजा ने कहा कि उन्होंने कोई आपत्तिजनक बात नहीं कहा है या किसी भी महिला या मातृत्व का अपमान नहीं किया है।
राजा ने दलील दी है कि उनका भाषण आदर्श आचार संहिता या अन्य किसी कानून का उल्लंघन नहीं है।
भाजपा के सहयोगी दल अन्नाद्रमुक नेता पलानीस्वामी के समर्थन में बोलते हुए राजनाथ ने राजा पर जमकर निशाना साधा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के बारे में उन्होंने (राजा) जो कुछ भी कहा उससे ना सिर्फ राज्य की महिलाओं का, बल्कि पूरे देश की ‘‘माताओं और बहनों’’ का अपमान हुआ है।
कोयंबटूर में एक रैली में आदित्यनाथ ने कांग्रेस और द्रमुक दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे महिलाओं की रक्षा करने में असफल रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



