रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए असम में चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। वह बिश्वनाथ और गोलाघाट जिलों में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। सिंह की इनमें से दो रैलियां गोहपुर में चाय बागानों में होगी। गोहपुर एक ऐतिहासिक स्थान है, जो भारत छोड़ो आंदोलन से जुड़ा हुआ है।
सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री एक रैली बिश्वनाथ निर्वाचन क्षेत्र के तहत सदरु टी एस्टेट में और एक अन्य रैली डेफलाघुर टी एस्टेट में संबोधित करेंगे। इस क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार प्रमोद बोर्थाकुर चुनाव लड़ रहे हैं। सिंह की तीसरी रैली गोहपुर में भाजपा उम्मीदवार उत्पल बोरा के लिए होगी, जो असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य रिपुन बोरा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।
रक्षा मंत्री गोलाघाट जिले के डेरगांव में एक रैली को संबोधित करेंगे, जहां वह असम में भाजपा के सहयोगी अगप उम्मीदवार भाबेंद्र नाथ भराली के लिए प्रचार करेंगे। सिंह के अगले एक महीने में राज्य की अपनी कई यात्राओं के दौरान बड़ी संख्या में रैलियों को संबोधित करने की उम्मीद है। असम विधानसभा की 126 सीटों के लिए तीन चरणों में 27 मार्च, एक अप्रैल और छह अप्रैल को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App



