छत्तीसगढ़ में दो चरणों में राज्योत्सव का आयोजन, राहुल गांधी और अनुसुईया उइके होंगे शामिल

Summary :

छत्तीसगढ़ में रविवार को दो चरणों में राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। पहले चरण में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और दूसरे चरण में राज्यपाल अनुसुईया उइके शामिल होंगी ।

छत्तीसगढ़ में रविवार को दो चरणों में राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। पहले चरण में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और दूसरे चरण में राज्यपाल अनुसुईया उइके शामिल होंगी । राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक नवम्बर को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में राज्योत्सव का कार्यक्रम दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। 
प्रथम चरण के कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राहुल गांधी और द्वितीय चरण के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुईया उइके वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे से आयोजित राज्योत्सव के प्रथम चरण के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्य के 18.38 लाख किसानों के खाते में राजीव गांधी किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त का अंतरण करेंगे। इस कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल योजना और मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत राज्य के 30 नगरीय स्लम एरिया में मोबाइल हॉस्पिटल सह लैबोरेटरी का शुभारंभ भी किया जाएगा। 
राज्योत्सव कार्यक्रम के द्वितीय चरण में दोपहर 1.30 बजे से राज्यपाल अनुसुईया उइके के मुख्य आतिथ्य में ‘राज्य अलंकरण सम्मान समारोह’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल उइके वर्चुअल रूप से शामिल होंगी। अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ राजगीत से राज्य अलंकरण सम्मान समारोह की शुरूआत होगी। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, मंत्रीगण, संसदीय सचिव और विधायकगण कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

एलएसी पर यथास्थिति में परिवर्तन का कोई भी एकतरफा प्रयास अस्वीकार्य : जयशंकर

Desk Team