राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ने शनिवार को ओहायो में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनके पिता ने जो वादे किए उससे कहीं अधिक अपने देशवासियों को दिया है। इवांका ने यह भी कहा कि ट्रंप एक योद्धा हैं तथा उन्हें और चार वर्ष के लिए राष्ट्रपति पद पर रहना चाहिए।
इवांका ने कहा कि ट्रंप बीते चार वर्ष में अमेरिका को सही दिशा में लेकर गए, पूर्व राष्ट्रपतियों तथा राजनीतिक नेतृत्वों की बीते कई दशकों की गलतियों को उन्होंने सुधारा। उन्होंने कहा, ‘‘इस वक्त अमेरिका को व्हाइट हाउस में एक योद्धा की पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है। मेरे पिता हममें से हर एक के लिए हर दिन इतनी मजबूती से लड़ाई लड़ते हैं। अब हमारे पास अवसर है कि हम उनके लिए लड़ें, इस देश के भविष्य के लिए लड़ें।’’
अमेरिका में तीन नवंबर को चुनाव है जिसमें ट्रंप का मुकाबला डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडेन से है। इवांका राष्ट्रपति की बड़ी बेटी हैं। वह व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति की वरिष्ठ सलाहकार भी हैं। इवांका के साथ ही उनके भाई डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, एरिक ट्रंप और बहन टिफनी भी महत्वपूर्ण राज्यों में अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार कर रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



