RBI पीएमसी बैंक से पैसा निकालने की सीमा बढ़ाए : एकनाथ गायकवाड़

Summary :

कानून जर्माकर्ताओं से वादा करता है कि जब भी उन्हें जरूरत पड़ेगी वे अपना पैसा निकाल सकते हैं। इस मामले में इसका अनुसरण नहीं किया जा रहा है।

मुंबई कांग्रेस प्रमुख एकनाथ गायकवाड़ ने शनिवार को कहा कि पंजाब एंड महाराष्ट्र कॉओपरेटिव बैंक (पीएमसी) से पैसा निकालने की सीमा को बढ़ाया जाना चाहिए क्योंकि छह महीने में 25000 रुपये निकालने की सीमा पर्याप्त नहीं है। पीएमसी बैंक के कुछ अधिकारियों पर एचडीआईएल समूह को कर्ज देने का आरोप है और इस प्रक्रिया में बैंक को 4,355.43 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। 
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को सौंपे एक ज्ञापन में गायकवाड़ ने कहा कि कानून जर्माकर्ताओं से वादा करता है कि जब भी उन्हें जरूरत पड़ेगी वे अपना पैसा निकाल सकते हैं। इस मामले में इसका अनुसरण नहीं किया जा रहा है। 
उन्होंने कहा, ‘‘ पैसा निकालने की सीमा को बढ़ाए जाए जाने की जरूरत है ताकि ग्राहक के रोजमर्रा के कामकाज पर असर नहीं पड़े। आरबीआई को परिवार या मेडिकल संबंधी आपात स्थिति के लिए ग्राहकों को पैसा निकालने की अनुमति देनी चाहिए। पीएमसी ग्राहकों को पैसे की सुरक्षा से वंचित किया जा रहा है।’’ उन्होंने आरबीआई से पीएमसी बैंक के भविष्य के बारे में जानना चाहा और सहकारिता बैंकों को उबारने के लिए सरकार से सहायता की मांग की। 

Desk Team