इंदौर : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने समाज और पुलिस के बीच रिश्तों में सुधार की जरूरत पर जोर देते हुए शनिवार को कहा कि पुलिस की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिये कि आम लोग उसे भय की नहीं, बल्कि सम्मान की निगाह से देखें। कमलनाथ ने यहां महेश गार्ड लाइन में पुलिस कर्मियों के लिये बहुमंजिला इमारतों में बनाये गये 236 मकानों के लोकार्पण समारोह में कहा, गांव हों या शहर, समाज और पुलिस के बीच का सम्पर्क सबसे अहम होता है। यह दिखायी देना चाहिये कि समाज के प्रति पुलिस की भावनाएं अच्छी हैं।
उन्होंने कहा, यह मौजूदा समय की बड़ी आवश्यकता है कि पुलिस की छवि और उसकी कार्यशैली ऐसी होनी चाहिये जिससे समाज पुलिस की ओर भय की नहीं, बल्कि सम्मान की निगाह से देखे क्योंकि पुलिस कानून-व्यवस्था की रक्षक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिये राज्य सरकार उन्हें ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में उन्हें हफ्ते में एक दिन छुट्टी देने का वादा निभाया गया है। कमलनाथ ने इस बात पर भी जोर दिया कि पुलिस कर्मियों को अपनी पेशेवर काबिलियत बढ़ाते हुए अपराधों की जांच की नयी तकनीकें सीखनी चाहिये।
उन्होंने कहा, खासकर साइबर अपराधों की छानबीन में तकनीक का योगदान बेहद अहम होता है। बदलते वक्त के साथ कदमताल करते हुए पुलिस कर्मियों को देखना होगा कि वे जांच के दौरान उन बदमाशों से एक कदम आगे कैसे रहें जो तकनीक के दुरुपयोग से अपराधों को अंजाम देते हैं।कार्यक्रम में प्रदेश के गृह मंत्री बाला बच्चन, पुलिस महानिदेशक वीके सिंह और पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम के अध्यक्ष यूके लाल समेत कई हस्तियां मौजूद थीं।


Download Android App
Download iOS App



