पणजी : गोवा में लौह अयस्क के खनन का राज्य की दो प्रमुख नदियों की तलछट पर बुरा असर पड़ा है, जिससे इनमें रहने वाले जीव प्रभावित हो सकते हैं। एक अध्ययन में यह बात कही गई है। गोवा विश्विद्यालय के समुद्री विज्ञान विभाग द्वारा कराए गए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि बिकोलिम नदी लौह और मैगनीज से बुरी तरह प्रदूषित हुई है जबकि मंडोवी नदी मैगनीज और सीसा से मध्यम स्तर पर प्रदूषित हुई।
कर्नाटक से निकल कर पणजी के निकट अरब सागर में मिलने वाली मंडोवी नदी गोवा से गुजरने वाली सबसे लंबी नदी है। वहीं उत्तरी गोवा से बहने वाली बिकोलिम, मंडोवी नदी की सहायक नदियों में से एक है। अध्ययन में चिंता जतायी गई है कि खनन गतिविधि दक्षिण गोवा में ज़ुआरी मुहाना में धातुओं की सांद्रता को भी प्रभावित कर सकती है। उच्चतम न्यायालय ने गोवा में 88 कंपनियों के लौह अयस्क खनन के पट्टे को दोबारा जारी करने पर रोक लगा दी थी, जिसके बाद मार्च 2018 से पांच दशक पुराने खनन उद्योग पर रोक है।


Download Android App
Download iOS App



