राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रमुख रामविलास पासवान ने यहां शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजद को बहुत अहंकार था, जिसे जनता ने बुरी तरह से तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जनता ने सभी विरोधियों को ‘रिजेक्ट’ कर दिया।
पासवान ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने आंचल फैलाकर लालू जी के नाम पर वोट मांगा, फिर भी जनता ने नकार दिया।’ उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि कई लोग उन्हें ‘मौसम वैज्ञानिक’ कहते हैं, परंतु वे मौसम वैज्ञानिक नहीं हैं, लेकिन वह जो कहते हैं, वही होता है।
इस चुनाव में प्रचंड जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और काम की जीत बताते हुए उन्होंने कहा, ‘चुनाव के दौरान विपक्षी परेशान हो रहे थे। हमने पहले ही देश में सुनामी आने की बात कही थी, लेकिन उस समय लोग मजाक उड़ाते थे। चुनाव में आए नतीजे किसी सुनामी से कम नहीं हैं।’
पासवान ने तेजस्वी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘पलटू चाचा’ कहा करते थे, आज जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है। अपने पुत्र चिराग पासवान के मंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी 30 तारीख को सब तय होगा, लेकिन चिराग पासवान में वे सारे गुण हैं। पासवान ने कहा कि चिराग पासवान को हराने के लिए कुछ लोगों ने जमकर भीतरघात किया।


Download Android App
Download iOS App



