मध्य प्रदेश में नेताओं के चेहरे को लेकर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। कमल नाथ सरकार के लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने तो बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि उसके पास तो खुरदुरे चेहरे हैं, जिन्हें लोग पसंद नहीं करते। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को पार्टी महासचिव बनाए जाने के बाद बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने प्रतिक्रिया देते हुए कथित तौर पर ‘चॉकलेटी चेहरा’ शब्द का इस्तेमाल किया था।
इस पर उठे विवाद के बीच राज्य सरकार के मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का यह विवादित बयान आया है। सज्जन सिंह वर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘बीजेपी का दुर्भाग्य है कि उनकी पार्टी में खुरदरे चेहरे हैं। ऐसे चेहरे जिनको लोग नापसंद करते हैं, एक हेमा मालिनी हैं, उसको जगह-जगह शास्त्रीय नृत्य करवाते रहते हैं और वोट कमाने की कोशिश करते हैं। चिकने चेहरे वाले उनके पास हैं ही नहीं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘मेरा कहना है कि मानव ईश्वर का प्रदत्त होता है। अरे सराहना करो कि ईश्वर ने प्रियंका गांधी को इतना सुंदर बनाया है, जिनके चेहरे से ममत्व, स्नेह झलकता है। चॉकलेटी जैसे शब्द का इस्तेमाल कर कैलाशजी अपनी और बीजेपी की गरिमा गिरा रहे हैं।’ विजयवर्गीय ने पिछले दिनों बयान दिया था कि ‘कांग्रेस के पास कोई चेहरा नहीं है, लिहाजा वह ‘चॉकलेटी चेहरे’ को ला रहे हैं।
कांग्रेस में आत्मविश्वास की कमी है।’ उनके इस बयान को प्रियंका गांधी से जोड़कर देखा गया। मामला तूल पकड़ने पर विजयवर्गीय ने ट्वीट कर सफाई दी है कि उन्होंने ‘चॉकलेटी चेहरे’ शब्द का प्रयोग बॉलीवुड अभिनेताओं के लिए किया था। यह भी सच है कि कांग्रेस के कई नेताओं ने भोपाल से करीना कपूर और इंदौर से सलमान खान को पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने की मांग की है।


Download Android App
Download iOS App



