रामगढ़ उपचुनाव : दोपहर 12 बजे तक 29 % हुआ मतदान

Summary :

NULL

जयपुर : राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए सोमवार को हो रहे उपचुनाव में दोपहर 12 बजे तक 29 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। क्षेत्र में 2.35 लाख पंजीकृत मतदाता हैं। निर्वाचन अधिकारी पंकज शर्मा ने बताया कि सुबह 8 बजे मतदान शांति पूर्ण तरीके से शुरू हुआ। मॉक पोल के दौरान पांच बूथों से वीवीपेट मशीन को बदला गया जबकि तीन मशीनें मतदान शुरू होने के बाद बदली गईं। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चुनाव के लिये 278 मतदान केन्द्र स्थापित किये गये हैं।

चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिये 2,500 पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं। 9 एरिया मजिस्ट्रेट भी चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि सात दिसम्बर को राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पूर्व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिये गये थे। दो महिलाओं सहित 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र जगत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस ने अलवर की पूर्व जिला प्रमुख साफिया जुबेर खान को और भाजपा ने पूर्व प्रधान सुखवंत सिंह को मैदान में उतारा है।

Desk Team