महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए मची खींचतान पर विराम लगता नहीं दिख रहा है। वहीं शिवसेना के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने एक बयान दिया है। बयान से पहले राउत ने ट्वीट कर बीजेपी पर निशाना साधा है। अपने बयान में राउत ने कहा, मैं इतना कह सकता हूं मुख्यमंत्री शिवसेना का होगा। जो बात बीजेपी और शिवसेना के बीच चुनाव से पहले हुई थी वह बात आगे बड़े। महाराष्ट्र को स्थिर सरकार की जरूरत है।
वहीं उन्होंने ट्वीट कर बिना नाम लिए बीजेपी पर तंज कसते हुए लिखा, ‘साहेब! मत पालिए, अहंकार को इतना, वक्त के सागर में कई सिकंदर डूब गए।’ राउत ने अपने बयान में साफ किया है कि मुख्यमंत्री शिवसेना का ही होगा, सरकार गठन की प्रक्रिया तय वादों के हिसाब से ही आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि शरद पवार राज्य के बड़े नेता हैं, उनसे मुलाकात के कुछ और मायने नहीं निकालने चाहिए। संजय राउत ने कहा कि अब जनता शिवसेना का मुख्यमंत्री चाहती है।
*साहिब…*
*मत पालिए, अहंकार को इतना,*
*वक़्त के सागर में कईं,*
*सिकन्दर डूब गए..!*— Sanjay Raut (@rautsanjay61) November 1, 2019
राउत ने आगे कहा, सरकार गठन के लिए बीजेपी और शिवसेना के बीच अभी तक कोई बातचीत नहीं हुई है। गौरतलब है की सरकार बनाने को लेकर शिवसेना और बीजेपी के बीच चल रही जबरदस्त रस्साकशी के बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने गुरुवार को राकांपा प्रमुख शरद पवार से मुलाकात की थी जिससे राज्य में सरकार बनाने के एक नए विकल्प को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



