ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी अपनी हैदराबाद यात्रा के दूसरे दिन आज कुतुब शाही मकबरे पर गये। रूहानी आज शहर के गोलकुंडा इलाके में स्थित कुतुब शाही शासकों के मकबरे पर गये। यह मकबरे आम तौर पर सात मकबरों के नाम से प्रसिद्ध हैं और इनका निर्माण ईरानी स्थापत्य कला के आधार पर किया गया है।
पश्चिम जोन के पुलिस उपायुक्त वेंकटेश्वर राव ने बताया, ”ईरान के राष्ट्रपति सुबह करीब 9 बजे मकबरे पर पहुंचे। अधिकारियों ने उन्हें इस ऐतिहासिक स्थल की जानकारी दी।” गौरतलब है कि 2013 में आगा खान संस्कृति न्यास (एकेटीसी) और तेलंगाना पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के बीच सहमतिपत्र पर हस्ताक्षर होने के बाद इस 400 साल से ज्यादा पुराने मकबरे की मरम्मत का काम शुरू हुआ था। तेलंगाना सरकार के अधिकारियों और एकेटीसी के पदाधिकारियों ने ईरान के राष्ट्रपति को मकबरे के संबंध में जानकारी दी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रपति रूहानी ऐतिहासिक मक्का मस्जिद में आज जुमे की नमाज अदा करने के बाद जलसे को संबोधित करेंगे। सूत्रों ने बताया कि इस मौके पर विभिन्न चिंतनधाराओं के इस्लामी बुद्विजीवी मौजूद रहेंगे। रूहानी ने कल 4 बजे हैदराबाद के बेगमपेट हवाईअड्डे पर पहुंचने के साथ ही अपनी तीन दिवसीय भारत यात्रा की शुरूआत की थी। यह दूसरी बार है जब हसन रूहानी हैदराबाद की यात्रा पर आये हैं। हालांकि ईरान के राष्ट्रपति का प्रभार संभालने के बाद यह उनकी (शहर की) पहली यात्रा होगी। सूत्रों ने बताया कि रूहानी आज शाह नयी दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



