NCP अध्यक्ष शरद पवार ने परिवार समेत कोविड-19 का टीका लगवाया

Summary :

शरद पवार ने भी मुंबई के एक नगर निकाय अस्पताल में सोमवार को कोविड-19 की वैक्सीन की पहली खुराक ली। साथ ही उनकी पत्नी और बेटी ने भी वैक्सीन का टीका लगवाया।

देश में 1 मार्च से 60 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को कोविड-19 वैक्सीन की खुराक लगनी शुरू हो गई है, इस दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वैक्सीन का टीका लगवाया। वहीं, महाराष्ट्र सरकार में सहयोगी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने भी मुंबई के एक नगर निकाय अस्पताल में सोमवार को कोविड-19 की वैक्सीन की पहली खुराक ली। साथ ही उनकी पत्नी और बेटी ने भी वैक्सीन का टीका लगवाया। बता दें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री को ‘कोविशील्ड’ टीका लगाया गया।
चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान निदेशालय (डीएमईआर) के निदेशक डॉ टायरो लहाने ने कहा, ‘‘पवार(80) ने अपनी पत्नी प्रतिभा पवार और बेटी सुप्रिया सुले के साथ टीके की पहली खुराक ली।’’ सुप्रिया (51) पुणे जिले के बारामती से लोकसभा सदस्य हैं। इससे पहले राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्रा भी वैक्सीन लगवा चुकें हैं। इन नेताओं के टीका लगवाने से आम जनता में एक संदेश जाएगा कि वैक्सीन लगवाने में कोई डर नहीं है।
गौरतलब है कि सोमवार को दूसरे चरण का राष्ट्रव्यापी कोविड-19 टीकाकरण अभियान शुरू हुआ। इसके तहत, 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क तथा कई निजी अस्पतालों में शुल्क अदा करने पर टीका लगाया जा रहा है।

Desk Team