ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में वार्षिक दशहरा रैली का आयोजन करेगी शिवसेना

Summary :

संजय राउत ने कहा कि पार्टी हर साल दक्षिण-मध्य मुंबई के दादर स्थित ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में दशहरा रैली का आयोजन करती है, लेकिन पिछले साल कोरोना के कारण यह रैली नहीं हो सकी।

महाराष्ट्र की राजनीतिक पार्टी शिवसेना इस साल वार्षिक दशहरा रैली का आयोजन करेगी। इस दौरान कोरोना से जुड़े सभी नियमों का पालन किया जाएगा। पिछले साल कोरोना के चलते दशहरा रैली का आयोजन नहीं किया गया था। शिवसेना नेता एवं सांसद संजय राउत ने बुधवार को यह जानकारी दी।
संजय राउत ने संवाददाताओं से कहा कि पार्टी हर साल दक्षिण-मध्य मुंबई के दादर स्थित ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में दशहरा रैली का आयोजन करती है, लेकिन पिछले साल कोरोना के कारण यह रैली नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने के लिए इस बार दशहरा रैली आयोजित की जाएगी तथा अगले वर्ष होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम के चुनाव के मद्देनजर यह बहुत महत्वपूर्ण रहेगा।
लखीमपुर खीरी घटना की संजय राउत ने की निंदा 
लखीमपुर घटना के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘यह बहुत दुखद है कि केंद्रीय मंत्री के बेटे ने आंदोलनकारी किसानों को उनके वाहन के नीचे कुचल दिया। हम घटना की निंदा करते हैं। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए नेताओं को घटनास्थलों पर जाने से रोकना भी निंदनीय है। यह केंद्र और साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार की बीजेपी सरकार की तानाशाही है। यह शर्मनाक है कि सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पोती को बिना किसी उचित कारण के गिरफ्तार किया है।

Desk Team