गोवा में अगले साल यानी 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में शिवसेना अकेले ही मैदान में उतरेगी। पार्टी ने तय किया है कि वह गोवा विधानसभा की 40 सीटों में से 22 से 25 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। शिवसेना के वरिष्ठ नेता संजय राउत का कहना है कि हम अपनी ताक़त से गोवा में चुनाव लड़ेंगे।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को पणजी में कहा कि पिछले 25 सालों से हम गोवा में गठबंधन के साथ चुनाव लड़ते रहे हैं और हमारे खाते में 2-3 सीटें आती रही हैं। लेकिन, इस बार हमनें (शिवसेना) तय किया है कि गोवा में हम 22-25 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हम अपनी ताकत से यहां चुनाव लड़ेंगे।
गठबंधन नहीं चाहती शिवसेना
इससे पहले बुधवार को गोवा पहुंचे राउत ने कहा था कि हम गठबंधन नहीं चाहते हैं। हमारा संगठन काफी मजबूत है। अगर कोलकाता से तृणमूल कांग्रेस गोवा में चुनाव लड़ सकती है, तो महाराष्ट्र से आकर हमारी पार्टी भी चुनाव लड़ सकती है। आपने देखा है कि हमने महाराष्ट्र में शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर शिवसेना सत्ता में आती है तो गोवा में भी वह महाराष्ट्र शासन के मॉडल को दोहराएगी। राउत ने कहा, ‘महाराष्ट्र में शिवसेना ने जिस तरह का काम किया है, हम उसी तरह गोवा में भी काम करेंगे। शिवसेना और गोवा एक भावनात्मक बंधन साझा करते हैं।’ हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को राज्य में किसी भी राजनीतिक संगठन से गठबंधन का कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।


Download Android App
Download iOS App



