मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबंध में कांग्रेस नेता दिनेश गुर्जर के आपत्तिजनक बयान के बाद आज फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने कांग्रेस पर तीखे हमले जारी रखे और कहा कि उनकी सरकार गरीबों के कल्याण के कार्य जारी रखेगी और पूर्व सीएम कमलनाथ को उनकी अमीरी मुबारक हो।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में चौहान ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस नेता ने उन्हें‘भूखे नंगे’परिवार का कहकर उनका नहीं, बल्कि गरीबों और गरीबी का अपमान किया है। चौहान ने कहा कि गरीबों के अपमान के कारण वे आहत हुए हैं, लेकिन इससे प्रभावित हुए बगैर वे राज्य के गरीबों, वंचितों और अन्य वर्गों के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे। चौहान ने किसानों और गरीबों के हित की लागू योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि अभी तो गरीबों के हित में और भी योजनाएं बन रही हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की मौजूदगी में सीएम चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को भी निशाने पर लिया और कहा कि उन्हें उनकी अमीरी, उद्योग और बड़े लोग मुबारक हों। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उद्योगपति होने के कारण ही कमलनाथ ने राज्य में गरीबों, किसानों और अन्य वंचितों के हितों का ध्यान नहीं रखा। उन्होंने कहा कि कमलनाथ को राज्य में विकास कार्य होने पर आपत्ति है। जनता के समक्ष नतमस्तक होने पर भी पूर्व मुख्यमंत्री को आपत्ति है और उन्हें तो अक्सर फिल्मी हीरो और हीरोइन ही याद आते रहते हैं।
इसके पहले प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने भी कमलनाथ पर तीखे प्रहार किए और कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि उनके पास इतनी अधिक संपत्ति कहां से आयी। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस की पराजय तय है और इसके बाद कमलनाथ वापस पश्चिम बंगाल लौट जाएंगे। उन्होंने भी कांग्रेस नेता के विवादित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि इसके जरिए कांग्रेस की दिल की बात बाहर आ गयी है।
चंबल अंचल के कांग्रेस नेता दिनेश गुर्जर का कल से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे एक सभा के दौरान कमलनाथ को देश का दूसरे नंबर को सबसे बड़े उद्योगपति और शिवराज चौहान को‘भूखे नंगे’परिवार का बता रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद से ही भाजपा के सभी नेताओं ने अपने अपने तरीके से कांग्रेस और उसके नेतृत्व पर हमले बोले हैं।


Download Android App
Download iOS App



