शिवराज की अफसरों को चेतावनी, बोले- कांग्रेस के एजेंट बनकर काम करने वाले अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा

Summary :

शिवराज ने मंगलवार को कहा कि कई अधिकारी मौजूदा राजनीतिक हालात में कांग्रेस के एजेंट की भूमिका निभाते हुए सरकार का विरोध करने वाले विधायकों के परिवारों को डराने, धमकाने और प्रलोभन देने का काम कर रहे हैं

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐसे अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है, जो भाजपा नेताओं को धमका रहे हैं। 
शिवराज ने मंगलवार को कहा कि कई अधिकारी मौजूदा राजनीतिक हालात में कांग्रेस के एजेंट की भूमिका निभाते हुए सरकार का विरोध करने वाले विधायकों के परिवारों को डराने, धमकाने और प्रलोभन देने का काम कर रहे हैं। 
शिवराज ने कहा, ‘मेरे पास  कुछ ऐसे अधिकारियों की जानकारी आ रही है, जो कमलनाथ सरकार का विरोध करने वाले विधायकों के परिवारजनों से संपर्क कर सरकार के पक्ष में खड़े होने के लिए दबाव डाल रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की सूची बनाई जा रही है, जिन्हें बख्शा नहीं जाएगा। 
हालांकि, ऐसा कृत्य करने वाले अधिकारियों की संख्या बहुत कम है। अच्छा होगा कि अधिकारी अपने प्रशासनिक कार्य करें और राजनीतिक क्षेत्र में अनैतिक दखलअंदाजी करने से बचें।’

Desk Team