पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन के बीच राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से वर्तमान स्थिति में संविधान के प्रति सच्ची आस्था और निष्ठा दिखाने की अपील की। राज्य में लगातार दूसरे दिन शनिवार को नागरिकता (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने बसों और रेलवे स्टेशन परिसरों में आगजनी की।
धनखड़ ने ट्वीट किया, ‘‘ राज्य में हो रही घटनाओं से मैं परेशान और दुखी हूं। मुख्यमंत्री को अपने पद की शपथ के अनुसार भारत के संविधान के प्रति सच्ची आस्था और निष्ठा दिखानी होगी।’’
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘बतौर राज्यपाल मैं भी यथासंभव संविधान और कानून का संरक्षण, सुरक्षा और रक्षा करुंगा।’’
राज्यपाल का राज्य की तृणमूल कांग्रेस के साथ कई मुद्दों को लेकर टकराव चल रहा है।
लोगों से शांति कायम रखने और लोकतांत्रिक ढंग से प्रदर्शन करने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने शनिवार को प्रदर्शनकारियों को कानून व्यवस्था हाथ में लेने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने बार-बार कहा कि वह पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम या राष्ट्रीय नागरिक पंजी को लागू नहीं होने देंगी।


Download Android App
Download iOS App



