कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने राज्य के मुख्यमंत्री में बदलाव की किसी भी संभावना से बुधवार को इंकार किया। उन्होंने माना कि कांग्रेस के कई नेता हैं जो उन्हें मुख्यमंत्री पद पर देखना चाहते हैं और वे ऐसा ‘‘प्रेमवश’’ कह रहे हैं। जद (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी फिलहाल राज्य के मुख्यमंत्री हैं।
सिद्धारमैया ने हुबली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे (कांग्रेसजन) अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं लेकिन क्या ये अब संभव है? मैं कैसे मुख्यमंत्री बन सकता हूं? उन्होंने कहा, ‘‘कुछ मेरे प्रति अपने प्रेम की वजह से ऐसा कह रहे हैं। क्या ऐसा कहना गलत है? जब उनसे पूछा गया कि 23 मई को लोकसभा चुनाव का परिणाम आने के बाद कुछ बदलाव होगा तो कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा,‘‘किसी परिवर्तन का कोई संकेत नहीं है।
क्यों कोई परिवर्तन होगा? कुमारस्वामी गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्री हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या जद (एस) मुख्यमंत्री पद कांग्रेस को दे देगी तो सिद्धारमैया ने कहा कि वह इस तरह की अटकलों का उत्तर नहीं दे सकते। कर्नाटक के गृहमंत्री एम बी पाटिल ने मंगलवार को सिद्धारमैया को ‘‘बतौर मुख्यमंत्री दोबारा’’ देखने की बात कही थी लेकिन बाद में स्पष्ट किया कि मौजूदा गठबंधन सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी।


Download Android App
Download iOS App



