भारी सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाते हुए 25 वर्षीय एक व्यक्ति रविवार को यहां राजा भोज हवाईअड्डे से लगे मध्य प्रदेश सरकार के (स्टेट) हैंगर में घुस गया और एक हेलीकॉप्टर को नुकसान पहुंचा दिया। इसके बाद उसने हवाईअड्डा पर उड़ान भरने को तैयार स्पाइस जेट के एक विमान के आगे खड़े होकर उसे उड़ान भरने से रोक दिया।
हालांकि, बाद में उसे पकड़ लिया गया और करीब एक घंटे के बाद विमान ने उदयपुर के लिए उड़ान भरी।
राजाभोज हवाईअड्डे पर तैनात सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट वीरेन्द्र सिंह ने बताया, ‘‘योगेश त्रिपाठी नाम का एक व्यक्ति स्टेट हैंगर में घुस गया। उसने पहले पार्किंग-बे पर हेलीकॉप्टर में तोड़फोड़ की। वह करीब 25 साल का है और स्थानीय निवासी है।’’
उन्होंने कहा कि इसके बाद वह राजाभोज हवाईअड्डे पर ‘एप्रोन’ में चला गया और उदयपुर के लिए उड़ान भरने के लिए तैयार स्पाइस जेट विमान के सामने खड़ा हो गया। लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
सिंह ने बताया कि स्पाइस जेट के इस विमान में 46 यात्री सवार थे।
उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद स्पाइस जेट के इस विमान ने करीब एक घंटे की देरी से उदयपुर के लिए उड़ान भरी।
उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि यह व्यक्ति मानसिक रूप से परेशान है। वह जोर-जोर से चिल्ला रहा था कि वह देश की सेवा करना चाहता है। इसके अलावा, ‘‘वह कह रहा था कि मैं कमांडो हूं और अपने स्किल बता रहा हूं।’’
सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ ने बाद में इस व्यक्ति को भोपाल पुलिस को सौंप दिया ।


Download Android App
Download iOS App



