दिल्ली सरकार में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुजरात दौरे पर पहुंचने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की तरफ से बड़ा बयान दिया। सिसोदिया ने कहा कि आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों में प्रदेश की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आप में सीधे तौर पर चुनावी टक्कर होगी।
सूरत में कारोबारी महेश सवानी का आप में स्वागत करते हुए सिसोदिया ने कहा कि भाजपा राज्य में करीब दो दशक से सत्ता में है लेकिन कोई बदलाव लाने में नाकाम रही, जबकि उनकी पार्टी लोगों के बीच से उभरी है, उनके साथ खड़ी रहती है और “सुशासन” का पर्याय है।
सिसोदिया ने कहा, “आप में लोगों का विश्वास व भरोसा बढ़ रहा है। 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव उस पार्टी, जो बिना बदलाव लाए दो दशक से राज्य पर शासन कर रही है, उसमें और उस पार्टी के बीच होगा जो लोगों के बीच से उभरी है।”
उन्होंने दावा किया कि सवानी जैसे लोगों का उनकी पार्टी से जुड़ना इस बात का संकेत है कि गुजरात में कारोबारी समुदाय से लेकर आम आदमी तक बदलाव चाहता है। राजनीतिक रूप से प्रभावशाली पाटीदार समुदाय से आने वाले सवानी अनाथ युवतियों के लिये सामूहिक विवाह के आयोजन और एचआईवी संक्रमित लड़कियों के लिये छात्रावास संचालित करने के लिये जाने जाते हैं।


Download Android App
Download iOS App



