कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए इंदौर में पिछले साढ़े छह महीने से बंद सिनेमा हाल में बृहस्पतिवार से खुलेंगे। हालांकि, अभी शहर के कुछ ही सिनेमाघरों में फिल्मों का प्रदर्शन बहाल होगा और मनोरंजन उद्योग से जुड़े लोगों में इस बात को लेकर अनिश्चितता है कि महामारी की मार के चलते दर्शकों का रुझान कैसा रहेगा?
फिल्म वितरकों के संगठन सेंट्रल सर्किट सिने एसोसिएशन के निदेशक ओपी गोयल ने बुधवार को बताया कि शहर में बृहस्पतिवार से दो मल्टीप्लेक्स और एकल परदे वाले दो सिनेमाघर 50 प्रतिशत दर्शक क्षमता के साथ खुलेंगे। गोयल ने बताया कि शारीरिक दूरी के नियम का पालन करते हुए सिनेमाघरों में हर दर्शक के पास की सीट खाली रखी जाएगी। उन्होंने कहा, “लम्बे अंतराल के बाद सिनेमाघरों में फिल्मों का प्रदर्शन बहाल होने जा रहा है। लेकिन फिलहाल इस बात का अंदाजा लगाना मुश्किल है कि कितने दर्शक सिनेमाघर पहुंचेंगे।”

गोयल ने बताया कि स्थानीय सिनेमाघरों में फिलहाल पुरानी हिट फिल्में दिखाई जाएंगी क्योंकि कोविड-19 के संकट के चलते बड़े कलाकारों की नई फिल्में अभी रिलीज नहीं हो रही हैं। कारोबारी सूत्रों के मुताबिक शहर में एकल परदे वाले छह सिनेमाघर हैं, जबकि अलग-अलग मल्टीप्लेक्स में 40 से ज्यादा परदे हैं। इंदौर, राज्य में कोविड-19 से सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक जिले में 24 मार्च से लेकर अब तक महामारी के कुल 30,382 मरीज मिले हैं। इनमें से 646 मरीजों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



