तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद शिशिर अधिकारी ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी से कोई भी उनके साथ संबंध नहीं रख रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ दल ने कहा है कि यह स्पष्ट नजर आ रहा है कि अधिकारी की आत्मा कहां है। शिशिर अधिकारी के बेटे शुभेंदु और सौमेंदु हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं।
अधिकारी परिवार के मुखिया ने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल ने ऐसी धमकी दी है कि अगर कोई उनसे या उनके बेटों से संबंध रखेगा तो उसे पार्टी से निकाल दिया जाएगा। उन्होंने कहा, पार्टी से कोई भी मुझसे संपर्क नहीं करता है। अधिकारी के बयान पर तृणमूल के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा, शिशिर अनुभवी व्यक्ति हैं। हर कोई समझता है कि उनकी आत्मा कहां है और वह शरीर से कहां है। पहले उन्हें इस पर फैसला करने दीजिए। किसी पार्टी का नाम लिए बगैर चटर्जी ने कहा कि अब यह स्पष्ट है कि अधिकारी किस दिशा में जा रहे है।
अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल के पदाधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से उन पर अपमानजनक टिप्पणी की जैसा कभी कांग्रेस या माकपा के नेताओं ने नहीं किया। शुभेंदु और सौमेंदु भाजपा में शामिल हुए हैं जबकि उनके एक और सांसद भाई दिव्येंदु और पिता शिशिर अधिकारी पिछले कई महीनों से ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी की बैठकों या कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। अधिकारी 2009 से कांठी से तृणमूल के सांसद हैं और वह पिछले कई दशक से राजनीति में है।


Download Android App
Download iOS App



