कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश की जनता को बांट रही है।
राहुल गांधी ने यहां एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने हीरा व्यवसायी नीरव मोदी जैसे लोगों को देश के 22000 करोड़ रुपये लूटने दिया और मूकदर्शक बनी रही।
उन्होंने कहा कि इस सरकार ने नीरव मोदी जैसे लोगों को बैंकों को चूना लगाने से रोकने के कोई उपाय नहीं किये। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार वादे पूरे करने में नाकाम रही है और इसने गरीबों और वंचितों की हालत सुधारने के लिए कुछ नहीं किया।
बेरोजगारों की समस्याएं दूर करने के लिए यह सरकार कुछ नहीं कर सकी। काला धन विदेशों से वापस लाकर प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपये जमा कराने और दो करोड़ लोगों को रोजगार देने के वादे मात्र नारे बनकर रह गये।
राहुल गांधी ने संत, दार्शनिक और समाज सुधारक बासवान्ना की धरती पर कहा कि श्री मोदी ने इस महान संत की किसी शिक्षा का पालन नहीं किया।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी कहते हैं कि सिद्दारामैया सरकार भ्रष्ट है जबकि हकीकत यह है कि वह भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बी एस येद्दयुरप्पा को बचा रहे हैं जो भ्रष्टाचार के मामले में जेल भेजे जा चुके हैं। उनके साथ ही भाजपा के चार मंत्री भी जेल भेजे गये थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



