तमिलनाडु के अन्नाद्रमुक सांसद एस राजेंद्रन का शनिवार सुबह यहां तिंदीवनम में सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी है। राजेंद्रन की कार डिवाइडर से टकरा गई थी जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक विल्लुपुरम से सांसद 62 वर्षीय राजेंद्रन को गंभीर चोटें लगीं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, सांसद के ड्राइवर और साथ जा रहे उनके सहायक के तौर पर काम करने वाले एक रिश्तेदार को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था जिसके बाद उन्हें मुंदियमपक्कम (विल्लुपुरम जिला) के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
शुरूआती जांच के मुताबिक ड्राइवर के वाहन पर से नियंत्रण खोने की वजह से दुर्घटना हुई और उनकी कार यहां से 40 किलोमीटर दूर तिंदीवनम में एक डिवाइडर से जा टकराई। मामले की जांच की जा रही है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने एस. राजेंद्रन के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उन्हें यह खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।


Download Android App
Download iOS App



