तमिलनाडु में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक एवं भाजपा ने छह अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर वार्ता शुरू कर दी है और दोनों के बीच जल्द ही इस मुद्दे पर सहमति बनने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, जनरल वीके सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं तमिलनाडु राज्य के पार्टी प्रभारी सीटी रवि, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष एल मुरुगन सहित भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री एवं अन्नाद्रमुक के समन्वयक के पलानीस्वामी और अन्नाद्रमुक समन्वयक एवं उप मुख्यमंत्री ओ पनीरसेल्वम से चर्चा की।
भाजपा के राज्य में संगठन महासचिव केशव विनायगन भी इस बातचीत के दौरान मौजूद रहे। भाजपा के वरिष्ठ नेता के मुताबिक बातचीत सौहार्द्रपूर्ण माहौल में हुई और जल्द सहमति बन जाएगी। भाजपा के वरिष्ठ नेता एम चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘हमारी उम्मीद 60 सीटों को लेकर है जिनकी पहचान जीतने वाली सीटों के तौर पर की गई है।
उनकी (अन्नाद्रमुक की) अपनी योजना होगी। जल्द ही दोनों पार्टियां सीट समझौते की घोषणा करेंगी।’’ अन्नाद्रमुक शाम को अलग से पीएमके के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करेगी। अभिनय से राजनीति में आए विजयकांत की पार्टी देसिया मुरपोक्कू द्रविड कड़गम (डीएमडीके) और जीके वासन की तमिल मनीला कांग्रेस भी अन्नाद्रमुक की सहयोगी हैं।
इस बीच, ऑल इंडिया समातुवा मक्कल काची (एआईएसएमके) के संस्थापक एवं करीब एक दशक से अन्नाद्रमुक के सहयोगी रहे आर शरत कुमार कमल हासन की पार्टी मक्कल निधी मैय्यम से गठबंधन की संभावना के लिए शनिवार को चर्चा करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



